रिचा ने सिविल इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, लोगों ने दी बधाई
अनूपपुर l बुढार बनियान टोला निवासी रिचा केशरवानी ने सिविल इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन से बीटेक में गोल्ड मेडल प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह सम्मान उन्हें महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल जी एवं आदरणीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
रिचा शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कॉलेज में उन्होंने न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि विभिन्न तकनीकी गतिविधियों एवं प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण मिलता है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
रिचा के पिता राज कुमार गुप्ता, जो कि अमलाई नंबर तीन (धनपुरी) में शिक्षक हैं, तथा माता प्रीति गुप्ता, केशरवानी महिला समिति की अध्यक्ष हैं, ने बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि रिचा हमेशा से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए रिचा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। रिचा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं मित्रों को दिया है और कहा कि वह भविष्य में भी इसी तरह मेहनत कर देश और समाज के लिए योगदान देना चाहती हैं।







