जमीन बेचने की बात पर नाराज पुत्र ने की थी हत्या, भाई ने भी दिया था साथ
कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां एक पुत्र ही अपने पिता का हत्यारा निकला। चरचा पुलिस ने सूझबूझ और कड़ी जांच के बाद इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2026 को ग्राम खरवत ऊपर पारा निवासी 27 वर्षीय अरविंद राजवाड़े ने थाना चरचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका पिता शोभाराम राजवाड़े जो वर्षों से अलग रह रहा था उसकी लाश मोहाड़ी तालाब में मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया।।शुरुआत में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया जिसके बाद बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिये एफएसएल भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद डॉक्टरों से पुनः राय ली गई जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या गला घोंटकर की गई थी।
हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की। संदेह के आधार पर मृतक के दोनों पुत्रों राम कैलाश और अरविंद से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बड़े पुत्र राम कैलाश ने 15 जनवरी की रात करीब 9-10 बजे जमीन बेचने की बात से नाराज होकर अपने पिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। इस वारदात में छोटे भाई अरविंद ने भी उसका साथ दिया और दोनों ने मिलकर शव को तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 21 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। चरचा थाना पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।







