सहायक प्राध्यापक पर हमले के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन, आईजीएनटीयू कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
अमरकंटक।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) अमरकंटक में सहायक प्राध्यापक चार्ल्स वर्गीस के साथ कथित रूप से हुए हमले और अभद्र व्यवहार के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि इस घटना को अंजाम देने वाले छात्रों का विद्यार्थी परिषद से कोई संबंध नहीं है और संगठन इस तरह की घटनाओं का किसी भी परिस्थिति में समर्थन नहीं करता।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर शिक्षा और अनुशासन का केंद्र है, इसलिए यहां शिक्षकों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की, जिससे परिसर में शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन बनाए रखा जा सके।
इस अवसर पर प्रांत सहमंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी, विभाग संयोजक अखिलेश सिंह, जिला संयोजक प्रणव मिश्रा, इकाई अध्यक्ष अमन द्विवेदी, इकाई मंत्री सिमरन सेन, उपाध्यक्ष पावनी ताम्रकार, आरजू साहू, यामिनी, आराधना, अनुराधा, आदित्य, दीपक, कृष, धर्मेंद्र, जीत, सोनल, संजना, निशि, शशांक, अंकित सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी बात कही।







