पसान क्षेत्र से हो गैस एजेंसी का संचालन ,अकरम इंडियन गैस एजेंसी की मनमानी पर कार्यवाही की मांग
उपभोक्ताओं की परेशानी को किया जा रहा नजरअंदाज
क्षेत्र के लोगों ने गैस एजेंसी के मनमानी के विरुद्ध उठाई आवाज
अनूपपुर। जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र में कई वर्ष पहले इंडिया अकरम इंडियन गैस एजेंसी के नाम से उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से गैस एजेंसी स्वीकृत की गई लेकिन जब से अकरम इंडियन गैस एजेंसी को पसान क्षेत्र में कार्य करने की स्वीकृति मिली है तब से आज तक यह गैस एजेंसी यहां पर कार्य करते दिखाई नहीं दे रही है बल्कि गैस एजेंसी का कार्यालय पसान क्षेत्र से काफी दूर कोतमा नगर में संचालित है जिसका खामियाजा यहां के उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है इस पूरे मामले को लेकर पसान क्षेत्र के लोगों ने आवाज बुलंद की है और प्रशासन से मांग किया है कि शीघ्र अकरम इंडियन गैस एजेंसी का संचालन पसान क्षेत्र से कराया जाए अन्यथा इस एजेंसी का रजिस्ट्रेशन रद्द कर किसी और को दिया जाए
उपभोक्ताओं के साथ धोखा
नगर पालिका परिषद पसान वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद श्रीमती सविता रूपेश सिंह ने कहा कि अकरम इंडियन गैस एजेंसी उपभोक्ताओं के साथ धोखा कर रही है पसान क्षेत्र के नाम पर संचालित गैस एजेंसी को कोतमा से संचालित किया जा रहा है और यहां उपभोक्ता प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं प्रशासन को शीघ्र इस ओर कार्यवाही करने की आवश्यकता है जिससे कि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
कोतमा तक लगानी पड़ रही दौड़
भाजपा मंडल पसान की महिला नेत्री श्रीमती मीनू तिवारी ने बताया कि अकरम इंडियन गैस एजेंसी का कार्यालय और गोदाम कोतमा में संचालित होने के कारण उपभोक्ताओं को कई किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा है उपभोक्ताओं को सुविधा के नाम पर उनके द्वारा भेजी जाने वाली गाड़ी भी काफी दिनों से बंद पड़ी है जिससे उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
पसान क्षेत्र से हो कार्यालय का संचालन
वार्ड नंबर 18 के पार्षद इंद्रलाल केवट ने कहा कि हमारे क्षेत्र के लिए गैस एजेंसी की स्वीकृति हुई है तो इसका कार्यालय हमारे नगर पालिका पसान क्षेत्र में संचालित होना चाहिए जिससे कि यहां के लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके केवाईसी तथा अन्य कार्यों के लिए कोतमा उपभोक्ताओं को जाना पड़ता है और परेशानियों का सामना करना होता है हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं की अकरम इंडियन गैस एजेंसी की मनमानी पर रोक लगाई और हमारे क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध कराई जाए।







