टी20 वर्ल्ड कप में भारत का ऐतिहासिक विजय, तीसरी बार बना चैंपियन न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया, बरगवां-अमलाई में चीनी मित्र मंडली ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी

---Advertisement---

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का ऐतिहासिक विजय, तीसरी बार बना चैंपियन

न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया, बरगवां-अमलाई में चीनी मित्र मंडली ने मिठाई बांटकर मनाई खुशी

अनूपपुर
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। अनूपपुर जिले के बरगवां-अमलाई क्षेत्र में भी क्रिकेट प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी मनाई। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी के नेतृत्व में चीनी मित्र मंडली के सदस्यों ने मिठाइयां बांटकर भारतीय टीम को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। संजू सैमसन ने 89 रन, ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की अहम पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत भारत ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और भारत ने 96 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा कर इतिहास रच दिया। साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इससे पहले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दो-दो बार यह खिताब जीत चुके थे। भारत ने मेजबान के रूप में भी टी20 विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया है।

इस जीत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से जुड़ी पुरानी यादों को भी बदल दिया। इसी मैदान पर 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार टीम इंडिया ने उसी मैदान पर विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी घोषित की थी। टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को लगभग 27.48 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को करीब 14.65 करोड़ रुपये मिलेंगे।

भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर चीनी मित्र मंडली के सदस्यों ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। पार्षद पवन चीनी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम विश्व पटल पर ऊंचा किया है। इसी खुशी में मंडली के सदस्यों ने मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment