स्वास्थ्य मंत्री ने रखी विकास की मजबूत नींव
चिरमिरी। लंबे समय से जिन विकास कार्यों का इंतजार शहरवासियों को था उसकी शुरुआत हो गई है। नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र में 632.09 लाख रुपयों की लागत से होने वाले छह महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
बड़ा बाजार स्थित दुर्गा पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिरमिरी के विकास को लेकर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज शुरू हुए कार्य केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं हैं बल्कि शहर के भविष्य को संवारने की दिशा में उठाये गये महत्वपूर्ण कदम हैं।
भूमिपूजन किये गये कार्यों में सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड निर्माण, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट स्थापना तथा गौरव पथ निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर रामनरेश राय ने कहा कि कुछ कारणों से विकास कार्यों में विलंब जरूर हुआ लेकिन अब सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और कार्य तेजी से धरातल पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से चिरमिरी को लगातार नई सौगातें मिल रही हैं।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चिरमिरी में उच्च शिक्षा के नये अवसर विकसित हो रहे हैं वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिये डायलिसिस सेंटर, सीटी स्कैन मशीन और क्रिटिकल केयर यूनिट जैसी सुविधाएं जल्द शुरू होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि 659 करोड़ रुपयों की रेलवे परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगी। विकास कार्यों के शुभारंभ के साथ चिरमिरी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की एक नई शुरुआत मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर और जीवन स्तर दोनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

































