- पंचायत परिसर में साफ-सफाई एवं पौधारोपण कराने के दिए निर्देश
अनूपपुर, 13 नवम्बर 2026- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आज जिले के ग्राम बेलिया छोट स्थित ग्राम पंचायत भवन एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पंचायत भवन में कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया तथा ग्राम पंचायत सचिव से उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम पंचायत परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में आम, कटहल, जामुन सहित स्थानीय प्रजाति के पौधों का रोपण कराने के लिए निर्देशित किया।
तत्पश्चात कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकान में उपलब्ध चावल एवं गेहूं की गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा राशन कार्डधारियों की संख्या एवं खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। दुकान संचालक द्वारा बताया गया कि दुकान में कुल 539 राशन कार्डधारी पंजीकृत हैं तथा सभी हितग्राहियों को निर्धारित समय पर राशन वितरित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकान का टीन शेड व्यवस्थित नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव श्री रामनरेश सोनी एवं ग्राम रोजगार सहायक श्री जयंत त्यागी को पंचायत भवन परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा उचित मूल्य दुकान के टीन शेड को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत शासकीय कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग, नायब तहसीलदार श्री लौतेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




























