विकास योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर होगा मंथन
एमसीबी। जिला पंचायत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 4 जून 2026 को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में जिले के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जायेगी।
बैठक के दौरान जिला पंचायत की आय-व्यय की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विचार किया जायेगा। ग्रामीण विकास को गति देने और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण एजेंडों को शामिल किया गया है। सामान्य सभा में वीबी-ग्राम जी प्रशिक्षण, “मोर गांव मोर पानी” जल संरक्षण अभियान, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी नवीन दिशा-निर्देश, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) प्रशिक्षण तथा महतारी वंदन योजना की प्रगति समीक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति का आंकलन करते हुए उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिये आवश्यक सुझावों और उपायों पर भी विचार किया जायेगा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर भी रणनीति तैयार की जायेगी। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों को भी बैठक के एजेंडे में शामिल कर चर्चा की जा सकेगी।
जिला पंचायत की यह बैठक विकास कार्यों की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना तय करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है जिसमें लिये गये निर्णय जिले के ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन में सहायक होंगे।






































