30 मिनट की बारिश में बह गई नई पुलिया, बिम्हौरी पंचायत के निर्माण कार्यों पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल

---Advertisement---

30 मिनट की बारिश में बह गई नई पुलिया, बिम्हौरी पंचायत के निर्माण कार्यों पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल

ग्रामीणों का आरोप—शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, घटिया निर्माण की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

अनूपपुर। जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बिम्हौरी में हाल ही में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रामसागर तालाब तक बनाए गए ग्रेवल रोड पर निर्मित नई पुलिया महज करीब 30 मिनट की बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया टूटने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक माह पूर्व रामसागर तालाब मार्ग पर ग्रेवल सड़क एवं पुलिया का निर्माण कराया गया था। निर्माण के समय से ही गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। आरोप है कि मामले की शिकायत जनपद पंचायत सोहागपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से भी की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच भी की, लेकिन इसके बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का दावा है कि शुक्रवार को हुई लगभग 30 मिनट की बारिश के दौरान ही नई पुलिया टूट गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप होता तो इतनी कम बारिश में पुलिया क्षतिग्रस्त नहीं होती।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में बनाए गए सीसी रोड की स्थिति भी खराब है। उनका कहना है कि सड़क की गिट्टियां अभी से बाहर निकलने लगी हैं और सीमेंट की परत धुल चुकी है, जिससे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव तुलसीदास जोधावत पर भी निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे लंबे समय से पंचायत में पदस्थ हैं और विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में सार्वजनिक धन का दुरुपयोग रोका जा सके

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment