20 वर्ष की उम्र में बड़ी उड़ान: एसईसीएल कर्मी के पुत्र असित तिवारी का आईआईएम शिलांग में चयन

---Advertisement---

 

जमुना-कोतमा क्षेत्र गौरवान्वित, मेहनत और अनुशासन से हासिल की देश के प्रतिष्ठित संस्थान में जगह

 

जमुना-कोतमा। जमुना-कोतमा क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवा एवं एसईसीएल कर्मी अक्षय कुमार तिवारी के पुत्र असित तिवारी ने मात्र 20 वर्ष की आयु में देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन शिक्षण संस्थान आईआईएम शिलांग में चयन प्राप्त कर क्षेत्र और एसईसीएल का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उल्लेखनीय है कि असित का चयन देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में हुआ था, लेकिन उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए आईआईएम शिलांग को चुना।

 

असित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। साथ ही उन्होंने अपने नाना योगेंद्र द्विवेदी, सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर तथा बड़े पापा शरद तिवारी, संचालक भौमिकी छत्तीसगढ़, को अपनी प्रेरणा बताया। उनका कहना है कि परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण ने उन्हें हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

 

असित की शैक्षणिक यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने वैश्विक महामारी के दौरान घर पर रहकर अध्ययन करते हुए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मुख्य एवं उन्नत दोनों परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने आईआईटी मद्रास में अध्ययन किया तथा भारतीय विदेश व्यापार संस्थान से स्नातक की उपाधि प्राप्त की।

 

क्षेत्र के लोगों ने कहा कि असित तिवारी की उपलब्धि युवाओं के लिए संदेश है कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो सफलता जरूर मिलती है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दे रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment