17 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिजुरी पुलिस ने सकुशल किया दस्तयाब, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
साइबर सेल की मदद और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, वैधानिक प्रक्रिया के बाद बालिका को परिजनों को सौंपा
बिजुरी। थाना बिजुरी पुलिस ने गुम हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई तलाश से यह सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जागनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई की।
बिना बताए घर से चली गई थी बालिका
जानकारी के अनुसार पड़रीपानी निवासी फरियादिया ने 1 अगस्त 2026 को थाना बिजुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 30 जुलाई को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने रिश्तेदारी सहित आसपास के संभावित स्थानों पर बालिका की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी।
फरियादिया की शिकायत पर थाना बिजुरी में अपराध क्रमांक 269/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
नाबालिग बालिका से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संभावित स्थानों पर सघन पता-तलाश शुरू की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को बालिका का पता लगाने में सफलता मिली और उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे इंतजार के बाद बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में उदय प्रजापति, सतीश मिश्रा और साइबर सेल से राजेन्द्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों तक पहुंचाया जा सका।

















