एमसीबी/जनकपुर। वंदना शिक्षा निकेतन इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 5वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम बड़े हर्षोल्लास के साथ घोषित किये गये। परिणाम घोषणा के अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक स्तर पर उच्च अंक प्राप्त किये। कक्षा 5वीं में आर्यांश शुक्ला ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान हासिल किया वहीं प्रियांश सतविक त्रिपाठी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आरुष गुप्ता ने 96.50 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया तथा अस्मिता सिंह ने 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर छठवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निरजा सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है साथ ही उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया है।





































