- लगभग 1,000 अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत आज दिनांक 28.10.2026 को प्रातः सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वेकोलि मुख्यालय से प्रारंभ हुई इस रैली को कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने न केवल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया बल्कि स्वयं इसका नेतृत्व भी किया। इस अवसर पर निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी/परिचालन एवं योजना) डॉ. अंजनी कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे विशेष रूप से उनके साथ रैली में सहभागी रहे। इस अवसर पर झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे, उपाध्यक्षा श्रीमती किरण सिन्हा तथा श्रीमती सोनाली म्हेत्रे की भी प्रमुख उपस्थिति रही।
रैली के प्रारंभ में सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘नो टोबैको’ (तंबाकू निषेध) की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में सभी से तंबाकू एवं तंबाकू से बने उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपने कार्यों का आधार बनाते हुए सतर्कता के प्रति सदैव सजग रहने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश दिया। उन्होंने कार्यस्थल पर नैतिकता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने तथा भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस वर्ष आयोजित सतर्कता जागरूकता रैली में रिकॉर्ड संख्या में लगभग 1,000 अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से सत्यनिष्ठा, नैतिकता एवं सतर्कता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया गया।







































































