सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत बीसीसीएल में वेंडर्स मीट का आयोजन

---Advertisement---

केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार देशभर के मंत्रालयों, विभागों, संस्थानों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की विषयवस्तु ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा वेंडर्स मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कंपनी की खरीद प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुचारू बनाने के साथ-साथ वेंडर्स को खरीद, निविदा एवं भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं और नवीनतम प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा कंपनी एवं उसके वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों सहित विभिन्न अन्य शहरों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कंपनियों-इकाइयों के 35 से अधिक वेंडर्स, उनके प्रतिनिधियों एवं संविदाकारों ने प्रत्यक्ष तथा ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के. ठाकुर एवं महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री आनंद कुमार ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (वित्त) श्री मनोज कांत झा, महाप्रबंधक (ईएंडएम) श्री आर.आर. कर्ण, महाप्रबंधक (उत्खनन) श्री आर.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (सिस्टम) श्री डी.पी. मिश्रा सहित सामग्री प्रबंधन, सतर्कता एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत एवं कोल इंडिया गीत के साथ की गई। महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के. ठाकुर ने उपस्थित प्रतिभागियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई, जिसके उपरांत सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल का सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर जारी वीडियो संदेश प्रस्तुत किया गया।

महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री आनंद कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कंपनी की खरीद व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने में इस प्रकार के कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वेंडर्स के साथ नियमित संवाद एवं विचारों के आदान-प्रदान से खरीद प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को समझने, उनका समाधान करने तथा प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं सुगम बनाने में सहायता मिलती है।

महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के. ठाकुर ने अपने संबोधन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सुशासन के प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि किसी भी सार्वजनिक उपक्रम में खरीद संबंधी प्रक्रियाओं का निष्पक्ष, नियमसम्मत एवं पारदर्शी तरीके से संपादन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कंपनी और उसके वेंडर्स के बीच पारदर्शी एवं विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित होने से खरीद प्रक्रिया अधिक सुचारू बनती है तथा कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब और प्रक्रियागत कठिनाइयों को कम करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में सामग्री प्रबंधन विभाग की ओर से उप-प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री विक्की आनंद ने बीसीसीएल की खरीद प्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी। श्री आनंद ने सार्वजनिक खरीद नीति-2012 एवं उसके संशोधनों, विभिन्न लाभ एवं अपवाद, GeM पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया तथा निविदा में होने वाली सामान्य त्रुटियों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त, GeM के माध्यम से सार्वजनिक खरीद नीति के अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान, अनुभव मानदंडों में छूट, बीसीसीएल द्वारा नियमित रूप से क्रय किए जाने वाले एमएसई आरक्षित उत्पाद, ‘मेक इन इंडिया’ नीति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलु तथा GeM पोर्टल की नवीनतम सुविधाओं इत्यादि विषयों पर भी चर्चा की गई।

प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री रोहित कुमार ने इसके उपरांत वेंडर इनवॉइस मैनेजमेंट सिस्टम (VIMS) पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने पोर्टल की कार्यप्रणाली, वेंडर पंजीकरण, इनवॉइस प्रबंधन तथा इससे संबंधित प्रमुख प्रावधानों के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया। इस दौरान वेंडर्स की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए प्रणाली के प्रभावी उपयोग एवं प्रक्रियाओं के सुचारू अनुपालन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन सत्र में TReDS प्लेटफॉर्म के अधिकृत सेवा प्रदाता M1 एक्सचेंज के प्रतिनिधि श्री रामकृष्ण सरकार ने TReDS प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली एवं इससे संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रस्तुति दी। बताया गया कि TReDS (ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग सिस्टम) एक इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को उनके व्यापारिक चालानों के डिस्काउंटिंग के माध्यम से समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा प्रदान करना है। श्री सरकार द्वारा इस प्लेटफॉर्म की उपयोगिता एवं इसके विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक सत्र में उपस्थित वेंडर्स, उनके प्रतिनिधियों एवं संविदाकारों ने खरीद प्रक्रिया, निविदा संबंधी प्रावधानों, वेंडर पंजीकरण, इनवॉइस प्रबंधन एवं भुगतान व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएँ एवं सुझाव प्रस्तुत किए। संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।  कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री शादाब अहमद ने किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment