स्वच्छता पखवाड़ा: एनसीएल ने सफाई कर्मियों का किया सम्मान, पौधरोपण और जागरूकता अभियानों से दिया स्वच्छता का संदेश

सिंगरौली। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा मुख्यालय सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सोमवार को मुख्यालय में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संविदा सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के समर्पण, परिश्रम और स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छ भारत और स्वस्थ समाज का संदेश दिया। समापन अवसर पर उनके उत्कृष्ट योगदान के प्रति सम्मान स्वरूप स्मृति-उपहार भेंट किए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संस्थान की स्वच्छता और कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में भी अनेक रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। निगाही परियोजना में डीपीएस विद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता अपनाने की शपथ भी दिलाई।
इसी क्रम में बीना परियोजना स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं निगाही परियोजना द्वारा लगभग 300 फलदार पौधों का वितरण कर हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
दूधीचुआ क्षेत्र में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाइजीन किट वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।
गौरतलब है कि एनसीएल में 16 जून से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता रैलियां, पौधरोपण, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न आयोजन लगातार किए जा रहे हैं। एनसीएल प्रबंधन का उद्देश्य कर्मचारियों, स्थानीय समुदाय और विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।




































