अनूपपुर 7 मई 2026/ भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा अनूपपुर द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा सप्ताह के अंतर्गत 3 मई को वृद्धाश्रम में तथा 4 मई को आंगनबाड़ी केन्द्र पटौराटोला में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा 6 मई को जिला जेल अनूपपुर में नशामुक्ति विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
वृद्धाश्रम में शिविर के दौरान सभी वृद्धजनों का एनसीडी परीक्षण किया गया तथा प्रत्येक वृद्धजन से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केन्द्र पटौराटोला में आयोजित शिविर में 3 माह से 8 वर्ष तक के बच्चों एवं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
जिला जेल अनूपपुर में आयोजित जागरूकता गोष्ठी में नशे के दुष्प्रभावों, मानसिक एवं शारीरिक हानि तथा इससे परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी अनूपपुर के पदाधिकारी उपस्थित थे।



































