गरबा और दुर्गा पंडालों की सुरक्षा पर एसपी रत्ना सिंह की नजर, दशहरा के लिये भी अलर्ट मोड में पुलिस
चिरमिरी के विभिन्न पूजा पंडालों और गरबा स्थलों का किया निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिये निर्देश
![]()
![]()
![]()
चिरमिरी/एमसीबी। नवरात्रि और आगामी दशहरा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये एमसीबी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) ने चिरमिरी थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और गरबा आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एसपी ने दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा, सुचारू यातायात संचालन और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना प्राथमिकता होनी चाहिये। किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न ना हो, इसके लिये पुलिसकर्मी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
आगामी दशहरा पर्व के दौरान रावण दहन और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशानिर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक ने जरूरत के अनुसार मार्ग परिवर्तन, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
एमसीबी जिला पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि, गरबा और दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने आयोजन समितियों और आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करने और कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग देने का आग्रह किया है







































































