सुरों, ताल और लोककला से सजा वेकोलि का सांस्कृतिक मंच

---Advertisement---

सुरों, ताल और लोककला से सजा वेकोलि का सांस्कृतिक मंच

अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता में मुख्यालय की टीम ने मारी बाजी, पेंच क्षेत्र रहा उपविजेता

29 विधाओं में 332 कर्मियों ने दिखाई प्रतिभा, 144 प्रतिभागी हुए पुरस्कृत

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) मुख्यालय में 2 से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य समापन सांस्कृतिक भवन में हुआ। प्रतियोगिता में वेकोलि के विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय की कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में संगीत, नृत्य, वादन और रंगमंच की विविध विधाओं में कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में भजन, भारतीय लोकगीत, बैंजो वादन, माउथ ऑर्गन, गजल, लाइट सॉन्ग, हास्य प्रहसन, ऑर्केस्ट्रा, खयाल, ध्रुपद, ठुमरी, रविंद्र संगीत, नजरूल गीत, सिंथेसाइजर, गिटार, ट्रंपेट, तबला वादन और बांसुरी वादन सहित भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य एवं कव्वाली जैसी कुल 29 विधाओं में स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन विभिन्न विधाओं में कुल 332 कर्मियों ने भाग लेकर अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्यालय की टीम बनी विजेता, पेंच क्षेत्र ने हासिल किया दूसरा स्थान

प्रतियोगिता के परिणामों में वेकोलि मुख्यालय की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पेंच क्षेत्र की टीम उपविजेता रही। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 144 प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले कलाकारों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।

कला और संस्कृति को कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताया

समापन समारोह में वेकोलि के सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) श्री संदीप परांजपे तथा सीवीओ श्री अजय मधुकर म्हेत्रे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अपने संबोधन में सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि वेकोलि अपने कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास, प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना को विशेष महत्व देती है। उन्होंने कहा कि कंपनी में खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य और विभिन्न कलात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की समृद्ध परंपरा रही है। यही परंपरा वेकोलि की कार्य संस्कृति को अधिक मानवीय, संवेदनशील और जीवंत बनाती है।

उन्होंने कहा कि कला व्यक्ति के भावों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। कोयला खनन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य के साथ कर्मचारियों के जीवन में कला और संस्कृति के लिए भी स्थान होना आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागी कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतिभा को मंच देने वाले आयोजनों की सराहना

समापन समारोह में निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष ने अपने प्रस्ताविक भाषण में प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके भीतर रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को संगीत एवं कला की साधना निरंतर जारी रखने तथा अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया। अवसर विशेष पर वेकोलि संचालन समिति की ओर से श्री आशीष मूर्ति ने भी संबोधित किया।

तीन दिनों तक गूंजती रही कला और संस्कृति की स्वर लहरियां

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान वेकोलि के अलग-अलग क्षेत्रों से आए कर्मचारियों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर आयोजन को यादगार बना दिया। शास्त्रीय संगीत से लेकर लोकगीत, गजल, भजन और कव्वाली तक विभिन्न संगीत विधाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं भारतीय शास्त्रीय एवं लोक नृत्य तथा हास्य प्रहसन जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विविधता और मनोरंजन का रंग भरा।

वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों में भी प्रतिभागियों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। तबला, बांसुरी, गिटार, सिंथेसाइजर, ट्रंपेट, बैंजो और माउथ ऑर्गन जैसी विधाओं में कलाकारों ने अपनी मेहनत और साधना का परिचय दिया।

कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक मिलन प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने वेकोलि के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को एक साझा सांस्कृतिक मंच पर एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा साझा करने का अवसर प्रदान किया। विभिन्न क्षेत्रों की टीमों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सौहार्द और टीम भावना भी देखने को मिली।

समापन समारोह में वेकोलि संचालन समिति एवं कल्याण मंडल के सदस्यों के साथ श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन ने वेकोलि की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और कर्मचारियों की बहुआयामी प्रतिभा को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 25, 2026

October 25, 2026

October 25, 2026

October 24, 2026

October 24, 2026

October 24, 2026

Leave a Comment