समर स्पार्क बना यादों का उत्सव दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय समर कैंप का शानदार समापन

---Advertisement---

एमसीबी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में आयोजित सात दिवसीय “समर स्पार्क” समर कैंप का समापन उत्साह, रचनात्मकता और उमंग से भरे माहौल में हुआ। यह कैंप बच्चों के लिये सिर्फ गतिविधियों का मंच नहीं बल्कि नई सीख, आत्मविश्वास और आनंद का जीवंत अनुभव बन गया। पूरे सप्ताह विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा, हंसी और सृजनात्मकता से गूंजता रहा। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई से अलग एक ऐसा मंच देना था जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और उसे निखार सकें।

कैंप में हर दिन की शुरुआत योग, प्रार्थना और जुम्बा जैसे ऊर्जावान सत्रों से होती थी जिससे बच्चों में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित हुई। इसके साथ ही आर्ट एंड क्राफ्ट, पॉटरी, मेहंदी, संगीत, स्केटिंग, आर्चरी, कराटे, फायरलेस कुकिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसी गतिविधियों ने बच्चों को विविध अनुभव दिये।

फायरलेस कुकिंग में बच्चों ने बिना आग के स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई वहीं कराटे और योग ने उन्हें अनुशासन और आत्मरक्षा के गुण सिखाये। आर्ट और पॉटरी गतिविधियों में उनकी कल्पनाशक्ति और हुनर खुलकर सामने आया।

समापन समारोह में बच्चों ने पूरे सप्ताह के अपने अनुभव साझा किये जो उनके उत्साह और आत्मविश्वास को दर्शाता था। इसके बाद आयोजित पॉटलक पार्टी ने कार्यक्रम में और भी रंग भर दिये जहां सभी ने मिलकर स्वाद और साथ का आनंद लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उपलब्धि की चमक साफ दिखाई दे रही थी।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि “समर स्पार्क” ने बच्चों को ना केवल नई चीजें सिखाईं बल्कि उन्हें जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने और खुद को पहचानने का अवसर भी दिया। “समर स्पार्क” समर कैंप इस तरह सीख, आनंद और रचनात्मकता का सुंदर संगम बनकर बच्चों के मन में अविस्मरणीय यादें छोड़ गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment