विद्यार्थियों ने बढ़ाया मनेन्द्रगढ़ का मान, संस्थान में खुशी का माहौल
मनेन्द्रगढ़। आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम देकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। डीएमएलटी परीक्षा में संस्थान का परिणाम शत-प्रतिशत रहा जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। संस्थान के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
संस्थान की छात्रा साक्षी मिश्रा ने 83.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया वहीं दीपा सिंह ने 75.67 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और देवेंद्र सिंह ने 75.66 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे संस्थान में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
संस्थान के संचालक रमेश सोनी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती बल्कि यह अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। हमारे विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हमें अपने सभी विद्यार्थियों पर गर्व है वहीं सह संचालक श्रीमती संजू सोनी ने कहा कि हर विद्यार्थी में प्रतिभा होती है। जरूरत केवल उसे सही दिशा देने की होती है। आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन हमेशा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मविश्वास देने का प्रयास करता है। यह परिणाम शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का प्रतीक है।
संस्था के वरिष्ठ शिक्षक सोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। संस्थान में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाता बल्कि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया जाता है। आने वाले समय में भी संस्थान इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास करता रहेगा। संस्था प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भी संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।



































