- विद्यालयों के नियमित संचालन एवं शिक्षकों- विद्यार्थियों की उपस्थिति पर दें विशेष ध्यान – कलेक्टर
- विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों और खेल मैदानों के विकास को दें प्राथमिकता – कलेक्टर
अनूपपुर 15 अक्टूबर 2026/जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनजातीय कार्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग एवं सर्व शिक्षा अभियान के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विद्यालयों के नियमित संचालन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री झा ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय निर्धारित समय पर खुलें तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखें। प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के समूह बनाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी की जाए। संकुल अकादमिक समन्वयक (सीएसी) नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करें। उन्होंने विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने तथा बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में रिमेडियल कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यालयों के खेल मैदानों को समतल कर खेल गतिविधियों को दें बढ़ावा
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने निर्देश दिए कि विद्यालयों के खेल मैदानों को समतल कर खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाया जाए। इसके लिए पंचायतों के सहयोग से आवश्यक विकास कार्य कराए जाएं तथा विद्यार्थियों के लिए नियमित खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई, वृक्षारोपण, स्वच्छ पेयजल एवं सुरक्षित परिसर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों तक पहुंच मार्ग की उपलब्धता, क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत एवं पुताई का कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले
कलेक्टर ने पाठ्यपुस्तक, निःशुल्क गणवेश एवं साइकिल वितरण, विद्यार्थियों के नामांकन तथा ड्रॉपआउट की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही समग्र आईडी एवं अपार आईडी बनाने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा यूडाइस प्लस पोर्टल पर आधार संबंधी जानकारी अद्यतन करने और बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने एजुकेशन पोर्टल 3.0 एवं एमपीटास पोर्टल के लंबित कार्यों को सात दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्मी, डीपीसी श्री संजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






































































