साठवें वर्ष की दहलीज पर कुछ आँसू, कुछ अनुभव और एक कलम का सफर

---Advertisement---

साठवें वर्ष की दहलीज पर कुछ आँसू, कुछ अनुभव और एक कलम का सफर

आज उम्र के उस मोड़ पर खड़ा हूँ, जहाँ पीछे मुड़कर देखता हूँ तो रास्ते कम और संघर्षों की कहानियाँ अधिक दिखाई देती हैं। आँखों के सामने जीवन के वे दृश्य तैरने लगते हैं, जिन्हें वक्त के साथ भुला देना चाहता था, मगर दिल आज भी उन्हें चुपचाप सँभाले बैठा है। कुछ चेहरे हौसला बनकर याद आते हैं, कुछ घटनाएँ भीतर तक भिगो जाती हैं और कुछ सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब शायद जीवन भर नहीं मिलेंगे। आज जन्मदिन है, खुशियाँ मनाने का दिन, लेकिन मन अपनी उम्र के साथ साथ उन अनगिनत अनुभवों का हिसाब भी माँग रहा है, जिन्होंने मुझे यहाँ तक पहुँचाया।
पत्रकारिता को आजीविका का साधन नहीं बनाया अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। सच लिखने की कीमत चुकाई, सवाल उठाने पर विरोध सहा और जनहित की आवाज बनने की कोशिश में अनेक कठिन रास्तों से गुजरा। कभी शब्दों पर सवाल उठे, कभी इरादों पर संदेह किया गया, तो कभी परिस्थितियों ने कलम रोकने की कोशिश की मगर आत्मसम्मान और सच के प्रति प्रतिबद्धता को झुकने नहीं दिया।
इस सफर में हर खबर केवल tv स्क्रीन पर चलने वाले दृश्य नहीं थे कागज पर लिखे शब्द नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे संघर्ष, पीड़ा और जवाबदेही का एहसास रही। दूसरों के दर्द को आवाज देते देते अपने मन की पीड़ा अनकही रह गई। समाज की समस्याएँ लिखीं, व्यवस्था से सवाल किए, लेकिन इस राह में अपने हिस्से की परेशानियों से भी अकेले जूझना पड़ा।
कुछ लोगों ने हौसला बढ़ाया, कठिन समय में हाथ थामा और आगे बढ़ने की ताकत दी। कुछ ने विरोध किया,कुछ ने गिराने की कोशिश की रास्ते रोके और हतोत्साहित करने की कोशिश की। आज उन सभी के प्रति मन में कृतज्ञता है, क्योंकि साथ ने संबल दिया और विरोध ने अपने सिद्धांतों पर टिके रहने की शक्ति।
पत्रकारिता के इस लंबे सफर में सम्मान भी मिला, उपेक्षा भी विश्वास भी मिला, अविश्वास भी। कई रातें सवालों के साथ गुजरीं, कई सुबहें नई उम्मीद लेकर आईं। कभी परिस्थितियों ने थकाया, कभी समय ने परखा, लेकिन कलम के प्रति जिम्मेदारी ने हर बार फिर खड़े होने का साहस दिया।
आज साठवें वर्ष की दहलीज पर किसी उपलब्धि का बखान नहीं, बस उन अनुभवों का स्मरण है, जिन्होंने जीवन को गढ़ा। मन में कुछ अधूरे सपने हैं, कुछ अनकहे दर्द हैं और समाज के लिए बेहतर कर पाने की अब भी जीवित आकांक्षा है।
मेरे लिए पत्रकारिता नाम, पद या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनसरोकारों के प्रति जवाबदेही और सच के साथ खड़े रहने का संकल्प है। इस राह में जो मिला, वह अनुभव है जो खोया, वह जीवन की कीमत और जो बचा है, वह मेरी कलम, मेरा आत्मसम्मान और मेरी उम्मीद।
आज जन्मदिन पर ईश्वर से बस इतनी प्रार्थना है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी शब्दों की संवेदना कम न हो, सच कहने का साहस कमजोर न पड़े और मेरी कलम उन लोगों की आवाज बनी रहे, जिनकी पीड़ा अक्सर अनसुनी रह जाती है।
साठ वर्ष के इस पड़ाव पर पीछे संघर्षों की लंबी राह है और आगे जिम्मेदारियों का खुला आकाश। जब तक साँस है, कलम चलेगी जब तक अन्याय है, सवाल उठेंगे क्योंकि पत्रकारिता मेरे लिए जीवन की साधना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment