रक्त की हर बूंद में जिंदगी की उम्मीद, कोरिया पुलिस ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

---Advertisement---

रक्त की हर बूंद में जिंदगी की उम्मीद, कोरिया पुलिस ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

एसपी हरीश राठौर ने स्वयं किया रक्तदान, कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

बैकुंठपुर। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरिया जिले में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। एसईसीएल क्लब गोलम सदन ऑफिसर्स कॉलोनी बैकुंठपुर में आयोजित शिविर में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।
छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और रक्तदान को जरूरतमंदों की मदद का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

एसपी ने रक्तदान कर दिया संदेश

शिविर में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने स्वयं रक्तदान कर स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया। उनके साथ रक्षित निरीक्षक नितीश आर. नायर, थाना प्रभारी पटना उपनिरीक्षक प्रमोद पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी रक्तदान किया। पुलिसकर्मियों की इस पहल से शिविर में मौजूद अन्य रक्तदाताओं का उत्साह भी बढ़ा।

जांच के बाद हुआ रक्त संग्रहण

रक्तदान से पहले स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम ने प्रत्येक रक्तदाता की आवश्यक स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परीक्षण किया। पात्र पाये गये लोगों से सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहित किया गया। इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान से जुड़ी आवश्यक सावधानियों और इसके महत्व की जानकारी भी दी गई। रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र और जलपान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

एक रक्तदान, किसी के लिये जीवन की उम्मीद

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी मरीज को अचानक पड़ सकती है और ऐसे समय में उपलब्ध रक्त किसी के लिये जीवन की उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिये महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने जिलेवासियों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिये प्रेरित करने की अपील की

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोरिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जिले में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देना और जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये जनभागीदारी को मजबूत करना रहा। शिविर में पुलिसकर्मियों सहित आम नागरिकों की सहभागिता ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूती से सामने रखा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment