जमुना कोतमा। एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र के होनहार युवक प्रवीण कुमार पटेल द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा में 781वीं रैंक हासिल करने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में जमुना कोतमा एरिया की संगठन मंत्री (एचएमएस) एवं जेसीसी सदस्य आमाडांड ओसीएम, बोसकी सिंह ने प्रवीण की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र, जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच प्रवीण ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
बोसकी सिंह के साथ-साथ एसएमएस परिवार ने भी प्रवीण की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए 22 अप्रैल को उनके गृह आगमन पर भव्य स्वागत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रवीण का स्वागत किया जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को उनसे प्रेरणा मिले और वे भी अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हों।
बोसकी सिंह ने आगे कहा कि प्रवीण कुमार पटेल की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जमुना कोतमा क्षेत्र की सामूहिक खुशी है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है, जिससे अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रेरित होकर कठिन परिश्रम करें और अपने सपनों को साकार करें।
गौरतलब है कि प्रवीण कुमार पटेल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कोतमा में प्राप्त करने के बाद भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी की। उनकी इस सफलता से जमुना कॉलोनी सहित पूरे अनूपपुर जिले में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।















































