प्रकृति से प्रेरित होकर भविष्य संवारने का संकल्प: एनसीएल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में शुक्रवार को “प्रकृति से प्रेरित: जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम के साथ विश्व पर्यावरण दिवस 2026 उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कंपनी मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल, जेसीसी सदस्य बीएमएस से श्री अशोक कुमार मिश्रा, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से श्री अशोक कुमार पांडेय, सीएमओआई प्रतिनिधि श्री सर्वेश कुमार सिंह, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान महाप्रबंधक (पर्यावरण) श्री राकेश कुमार ने कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन श्री बी. साईराम द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिए गए संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ भी ग्रहण की।
कार्यक्रम के समापन पर निदेशक (मानव संसाधन), मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को मातृत्व सम्मान से जोड़ते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी पौधारोपण अभियान, चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां तथा पर्यावरण संरक्षण विषयक विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
एनसीएल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, हरित आवरण बढ़ाने तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया गया।




































