अमरकंटक के श्री यंत्र महामेरु शक्तिपीठ में 23 अक्टूबर से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
चार दिवसीय आयोजन में शोभायात्रा,महालक्ष्मी पूजन,यज्ञ,प्राण प्रतिष्ठा और पूर्णाहुति सहित होंगे विविध धार्मिक अनुष्ठान
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल है जहां स्थित श्री यंत्र महामेरु शक्तिपीठ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर धार्मिक वातावरण बनने लगा है । सोनमुड़ा रोड स्थित श्री यंत्र महामेरु शक्तिपीठ बटे कृष्ण आश्रम में 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा । आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में आवश्यक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । धार्मिक अनुष्ठानों के लिए परिसर को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ।
महोत्सव का आयोजन ब्रह्मलीन श्री श्री 1008 अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी सुखदेवानंद जी महाराज की आध्यात्मिक परंपरा तथा स्वामी शरद पुरी जी महाराज महंत एवं अध्यक्ष के मार्गदर्शन में किया जा रहा है । आयोजन को लेकर साधु-संतों , श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों में उत्साह का वातावरण है ।
वैदिक विधि-विधान से होंगे विविध अनुष्ठान
चार दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विभिन्न पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे । निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा , कुंभ पूजन , षोडश क्रिया अधिवास , महालक्ष्मी पूजन , घृताभिषेक , कन्या पूजन तथा यज्ञमंडप पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । इसके पश्चात स्पर्शाहुति एवं विधि-विधानपूर्वक श्री यंत्र महामेरु की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा ।
महोत्सव के अंतिम चरण में दीपाराधना एवं पूर्णाहुति के साथ आयोजन का धार्मिक समापन किया जाएगा ।
श्री यंत्र एवं महामेरु परंपरा को शक्ति उपासना और श्रीविद्या साधना से जुड़ी महत्वपूर्ण आध्यात्मिक परंपरा माना जाता है । प्राण प्रतिष्ठा के माध्यम से देवशक्ति के आवाहन और विधि-विधानपूर्वक पूजन की परंपरा पूर्ण की जाती है । अमरकंटक जैसी तपोभूमि में इस प्रकार के धार्मिक आयोजन का अपना विशेष आध्यात्मिक महत्व माना जाता है ।
तैयारियों में जुटे आयोजन से जुड़े लोग
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर श्री यंत्र महामेरु शक्तिपीठ बटे कृष्ण आश्रम परिसर में तैयारियां लगातार चल रही हैं । आयोजन स्थल की साफ-सफाई , सजावट , पूजन-अनुष्ठान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तथा श्रद्धालुओं के आवागमन और बैठने आदि की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है । आयोजन से जुड़े लोग महोत्सव को सुव्यवस्थित एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराने में जुटे हुए हैं ।
अमरकंटक नर्मदा उद्गम की पावन भूमि होने के साथ-साथ ऋषि-मुनियों , संतों और साधकों की तपस्थली भी रही है । यहां वर्षभर देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है । ऐसे आध्यात्मिक परिवेश में श्री यंत्र महामेरु शक्तिपीठ का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक आस्था और साधना की परंपरा को और विस्तार देने वाला आयोजन होगा ।
चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार , यज्ञ की पवित्र अग्नि , दीपों की आभा और देवी उपासना के बीच आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा । आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से महोत्सव में सहभागी होकर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होने का आग्रह किया गया है ।


































































