पीथमपुर: वन विभाग की बड़ी स्ट्राइक; अवैध उत्खनन करते पोकलेन और डंपर जप्त, माफियाओं में मची खलबली

---Advertisement---

 

ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी

 

पीथमपुर। औद्योगिक नगर पीथमपुर में वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ वन विभाग ने बीती रात एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने सेक्टर-2 स्थित पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खुदाई कर रही एक पोकलेन मशीन और मुरम के अवैध परिवहन में लगे एक डंपर को रंगे हाथों जप्त किया है। उत्खनन में उपयोग दोनों वाहनों पर गाड़ी नंबर नहीं लिखा था। इस बड़ी कार्यवाही से क्षेत्र के उत्खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

वन विभाग के अधिकारियों को पिछले लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वन विभाग की संरक्षित भूमि पर कुछ लोग अवैध रूप से मुरम को खोदकर बेच रहे हैं। सूचना की तस्दीक करने के बाद विभाग की टीम ने बीती रात सेक्टर-2 की पहाड़ी के नीचे कंपार्टमेंट नंबर 480 पर अचानक दबिश दी। वन विभाग की टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पोकलेन मशीन का ऑपरेटर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में वन मंडला अधिकारी विजय नंथम टी आर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मांडव सचिन सहीदे के मार्गदर्शन में डिप्टी रेंजर संतोष उपाध्याय, बीट गार्ड रितेश त्रिवेदी, जितेन्द्र चौधरी सहित पूरे स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से पोकलेन मशीन और डंपर को अपने कब्जे में लिया। जप्त डंपर को सेक्टर-1 थाने में खड़ा करवाया गया है, जबकि भारी-भरकम पोकलेन मशीन को धार जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग के कार्यालय ले जाने की तैयारी की जा रही है।

शुरुआती जाँच में यह तथ्य सामने आया है कि जप्त की गई मशीनें माहुल सिंगार नामक व्यक्ति की हैं, जो पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में अवैध उत्खनन के कार्य को अंजाम दे रहा था। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार की प्राकृतिक संपदा की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग अब मशीन मालिक के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment