न्याय, पत्रकारिता और खेल जगत की सशक्त आवाज बनीं सुमिता शर्मा

---Advertisement---

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सौपी पीएलवी की जिम्मेदारी, अब जरूरतमंदों को मिलेगा निःशुल्क विधिक सहारा

अनूपपुर। समाजसेवा, पत्रकारिता, विधिक जागरूकता और खेल संगठन के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता श्रीमती सुमिता शर्मा को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर द्वारा पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है। उनकी नियुक्ति को जिले में जनसेवा और न्यायिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार समाज के कमजोर, पिछड़े, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग, महिलाओं, अपराध पीड़ितों एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी सलाह पहुंचाने के उद्देश्य से चयनित पैरालीगल वॉलंटियर्स की सूची जारी की गई है, जिसमें सुमिता शर्मा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

श्रीमती सुमिता शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही हैं। श्रमजीवी पत्रकार परिषद की सदस्य के रूप में उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी निर्भीक और संवेदनशील पत्रकारिता ने समाज के अनेक लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एक अधिवक्ता के रूप में भी वे जरूरतमंद लोगों को कानूनी मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करती रही हैं।

 

विशेष रूप से कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गठित “स्थानीय परिवाद समिति” में अध्यक्ष के रूप में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है। महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और न्याय से जुड़े मामलों में उन्होंने लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है।

 

खेल जगत में भी सुमिता शर्मा की अलग पहचान है। जिला वॉलीबॉल संघ अनूपपुर में सह सचिव का दायित्व निभाते हुए उन्होंने जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा खेल गतिविधियों को सक्रिय बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। खेल और समाजसेवा के समन्वय के साथ उनकी कार्यशैली युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जाती है।

 

पीएलवी सदस्य के रूप में अब उनकी जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो गई है। वे गांव-गांव पहुंचकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी, जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग देंगी तथा न्याय से वंचित लोगों और विधिक सेवा संस्थाओं के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगी। इसके साथ ही महिलाओं, श्रमिकों, वृद्धजनों, बच्चों एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को शासन की विधिक योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

 

उनकी नियुक्ति पर पत्रकारिता, विधिक, सामाजिक एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान बताया है। जिला वॉलीबॉल संघ के संरक्षक लक्ष्मण राव, अरुण कुमार सिंह, आशीष त्रिपाठी, पंकज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष चैतन्य मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ शिव सिंह, रामखेलावन राठौड़, विनोद बिंदेश्वरी पांडे, अमित शुक्ला, सोमनाथ प्रचेता, विनोद सोनी, रमेश तिवारी, सचिव रामचंद्र यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सह कोषाध्यक्ष उमेश राय, स्टेट रेफरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल, हरिशंकर यादव सहित खेल प्रेमियों एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

सभी ने विश्वास जताया कि सुमिता शर्मा अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का कार्य करेंगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment