नक्सलवाद का महिमामंडन शहीदों और पीड़ित परिवारों का अपमान : प्रतिमा यादव

---Advertisement---

 

हिड़मा पर कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसीं नपा अध्यक्ष प्रतिमा यादव

 

मनेन्द्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने कांग्रेस के एक विधायक द्वारा नक्सली कमांडर हिड़मा को लेकर दिये गये कथित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नक्सलवाद का किसी भी प्रकार से महिमामंडन करना ना केवल देश के लिये अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का अपमान है बल्कि उन हजारों निर्दोष आदिवासी परिवारों की पीड़ा को भी नजरअंदाज करना है जिन्होंने वर्षों तक नक्सली हिंसा का दंश झेला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता नक्सलवाद की भयावहता से भली-भांति परिचित है। नक्सली हिंसा के कारण अनेक सुरक्षाकर्मी, पुलिस जवान और निर्दोष नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं वहीं विकास कार्य भी लंबे समय तक प्रभावित रहे हैं। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा नक्सली नेतृत्व को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करने वाली कथित टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

प्रतिमा यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर और स्पष्ट नीति पर कार्य करती रही है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार तथा रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप नक्सलवाद का प्रभाव लगातार कमजोर पड़ रहा है और आम नागरिकों का शासन प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कांग्रेस को अपना स्पष्ट रुख जनता के सामने रखना चाहिये। यदि संबंधित विधायक का बयान उनकी व्यक्तिगत राय है तो कांग्रेस नेतृत्व को इस पर उचित कार्यवाही करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिये। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और आतंक का किसी भी रूप में समर्थन स्वीकार्य नहीं हो सकता। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता उन वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकती जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर किये हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए नक्सलवाद और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की सुरक्षा और विकासोन्मुख नीतियों के बल पर छत्तीसगढ़ शीघ्र ही नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होकर शांति, विकास और समृद्धि के नये युग की ओर अग्रसर होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment