कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने दिया उचित कार्यवाही का आश्वासन
मनेन्द्रगढ़। शहर के व्यापारियों ने शनिवार को नवपदस्थ एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े
से मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापारिक संगठनों की ओर से विस्तृत ज्ञापन सौंपा। शहर में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था, पार्किंग संकट और बाजार क्षेत्र में फैल रही अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान चेम्बर ऑफ कॉमर्स और कैट संस्था के पदाधिकारियों ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, फुटपाथ एवं ठेला व्यवसायियों के लिए स्थान निर्धारण, पार्किंग सुविधा और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की समस्या प्रमुखता से उठाई।
व्यापारियों ने प्रशासन को बताया कि शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और अतिक्रमण की वजह से आये दिन जाम की स्थिति बन रही है जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने मांग की कि प्रशासन द्वारा शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किये जायें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
बैठक के दौरान व्यापारिक संगठनों ने यह भी सुझाव दिया कि शहर में ठेला और फुटपाथ व्यवसाय करने वाले लोगों के लिये अलग से व्यवस्थित स्थान निर्धारित किया जाये। व्यापारियों का कहना था कि छोटे व्यवसायियों का रोजगार सुरक्षित रहना चाहिये लेकिन मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से ठेले लगने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। यदि प्रशासन व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करे तो इससे सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहेंगी और छोटे व्यापारियों को भी स्थायी व्यवसायिक सुविधा मिल सकेगी।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर बढ़ते अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान संचालन करने के निर्देश जारी करने की मांग की। उनका कहना था कि सड़कें संकरी होने और दोनों ओर अतिक्रमण बढ़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने बताया कि शहर में लगाये गये कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं जिसके कारण निगरानी व्यवस्था कमजोर हो गई है। व्यापारियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्र और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे कैमरों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें पुनः सक्रिय किया जाये ताकि चोरी, असामाजिक गतिविधियों और अन्य घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इस अवसर पर कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये प्रशासन को ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने की आवश्यकता है।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन सभी सुझावों और मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा जैसे मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े हुए हैं और इनके समाधान के लिए प्रशासन आवश्यक कार्यवाही करेगा साथ ही उन्होंने शहर की व्यवस्था सुधारने के लिये प्रशासन, व्यापारी और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस दौरान प्रमुख रूप से रघुनाथ पोद्दार, रफीक मेमन, रंजीत चोपड़ा, गंभीर सिंह खनूजा, संदीप दुआ, रिंकेश खन्ना उपस्थित रहे।
































































