महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, आम जनता को राहत देने की मांग

---Advertisement---

महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, आम जनता को राहत देने की मांग

क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को की रहीं विशेष उपस्थिति, जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के तत्वाधान में महंगाई को लेकर आयोजित हुई आपसभा, सौंपा गया ज्ञापन।

 

देश एवं प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वाधान में तथा क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को की विशेष उपस्थिति में ब्लॉक मुख्यालय राजेन्द्रग्राम में महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल, आमसभा आयोजित कर महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पुष्पराजगढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में महंगाई पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण लगाने तथा गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत प्रदान करने की मांग की गई।

कांग्रेस ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम नागरिक के लिए परिवार का दैनिक खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि ने लोगों के घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है।

ज्ञापन में शक्कर एवं गुड़ की कीमतों में भारी वृद्धि को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए कहा गया कि दैनिक उपयोग की इन आवश्यक वस्तुओं के महंगे होने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। विशेषकर त्योहारों के समय बढ़ती कीमतों का असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अधिक पड़ रहा है।

इसके अलावा कांग्रेस ने रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल के बढ़ते दाम, खाद्य तेल, दाल, चावल, आटा, सब्जियों सहित आवश्यक खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ते हैं।

कांग्रेस ने कृषि लागत में वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल महंगे होने से किसानों की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं, किसानों को उनकी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य नहीं मिल पाने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में बेरोजगारी एवं घटती आय को भी महंगाई से जोड़ते हुए कहा गया कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने और आय में अपेक्षित वृद्धि न होने के कारण आम परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं तथा कई लोगों को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कर्ज तक लेना पड़ रहा है।

पुष्पराजगढ़ क्षेत्र की विशेष स्थिति का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने कहा कि यह आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में परिवार कृषि, मजदूरी और छोटे स्तर के रोजगार पर निर्भर हैं। ऐसे परिवारों पर बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर पड़ रहा है।

वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतों का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने, पेट्रोलियम पदार्थों एवं रसोई गैस पर करों में आवश्यक कमी करने, गरीब परिवारों को उचित मूल्य की दुकानों से पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने, किसानों की कृषि लागत कम करने तथा बेरोजगारी दूर करने के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा जनहित में महंगाई पर नियंत्रण एवं आम जनता को राहत देने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर आम जनता के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष श्याम कुमार “गुड्डू चौहान” की ओर से सौंपा गया। इस दौरान विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जिला कांग्रेस पदाधिकारी, मोर्चा संगठन के अध्यक्षगण व पदाधिकारीगण, विभाग प्रकोष्ठ अध्यक्षगण व पदाधिकारीगण, ब्लॉक, नगर, मंडलम कांग्रेस के अध्यक्षगण व पदाधिकारीगण तथा अन्य कांग्रेसजन एवं आमजन उपस्थित रहें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment