मेडिकल के दौरान पुलिस अभिरक्षा से चोरी का संदिग्ध फरार, परिजनों ने पकड़कर सौंपा था पुलिस को
सेमरिया क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्टर अमित पांडे, सीधी

सीधी–सेमरिया। सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी बम्हनी के ग्राम देवगढ़ में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी बीच दरमियानी रात करीब 2 बजे भगवानदीन कुशवाहा के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे संदिग्ध चोरों को परिजनों ने पकड़ने का प्रयास किया।
बताया गया कि घर में आहट सुनाई देने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद तीन संदिग्ध मौके से भाग निकले। वहीं एक संदिग्ध कल्लू रजक पिता वंशरूप, निवासी ग्राम देवछा को परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद पकड़ लिया। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को पुलिस चौकी बम्हनी ले जाया गया। इसके बाद मेडिकल जांच एवं दवाई के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया लाया गया। इसी दौरान बताया जा रहा है कि संदिग्ध पुलिस अभिरक्षा से मौका पाकर फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों के बीच सवाल उठने लगे हैं। लगातार चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस अभिरक्षा से संदिग्ध के फरार होने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
पुलिस एवं ग्रामीणों की ओर से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को कल्लू रजक के संबंध में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें। नागरिक स्वयं उसे पकड़ने अथवा किसी प्रकार की कार्रवाई करने का प्रयास न करें।
ग्रामीणों से भी रात के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

































































