जिला पंचायत सीईओ ने महत्वपूर्ण बिन्दुओ पर डाला प्रकाश
अनूपपुर 9 मई 2026/ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर (एमएमआर और आईएमआर) को कम करने के लिए अनूपपुर जिले के बीएमओ,बीपीएम, बीसीएम,सीएचओ, एएनएम, आशा सुपरवाइजर,सेक्टर सुपरवाइजर आदि की दक्षता बढ़ाने कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें राज्य स्तरीय कार्यालय से प्रमुख विशेषज्ञों ने विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया।
जिले के सुदूरवर्ती विकासखंड पुष्पराजगढ़ में शुक्रवार को तथा विकासखंड अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा के स्वास्थ्य स्टाफ का प्रशिक्षण शनिवार 9 मई को आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण में प्रसव पूर्व देखभाल पंजीकरण एवं जांच, पोषण और सप्लीमेंट, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, टीकाकरण, प्रसव के दौरान देखभाल के तहत संस्थागत प्रसव पार्टोग्राफ का उपयोग, संक्रमण रोकथाम,अत्यधिक रक्त स्राव प्रबंधन, नवजात शिशु की देखभाल, स्तनपान आदि तथा प्रश्नोत्तर देखभाल आदि के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने उपस्थित रहकर स्वास्थ्य अमले को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा महत्वपूर्ण प्रशिक्षण के बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
किरगी व लीला टोला टीकाकरण सत्र का दल ने किया निरीक्षण
जिले के विकासखंड पुष्पराजगढ़ के ग्राम किरगी तथा लीला टोला में भोपाल राज्य स्तर से आए तीन सदस्यीय भ्रमण दल द्वारा टीकाकरण सत्र स्थल का निरीक्षण किया गया दल ने निरीक्षण के दौरान अमले को व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए किरगी में टीकाकरण की सभी व्यवस्थाएं ठीक मिलने पर दल द्वारा सराहना की गई।
एनीमिया रोकथाम पर जिला चिकित्सालय में दिया गया प्रशिक्षण
विकासखंड तथा स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर पदस्थ स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम को सुदृढ करने के तहत सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारियों को एनीमिया रोकथाम के लिए एफसीएम इंजेक्शन पर महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया।














