अनूपपुर 21मई 2026/ ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के अंतर्गत कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिले में कृषि के आधुनिकीकरण एवं किसानों की आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री अवनीश चतुर्वेदी के निर्देशन में विकासखंड कोतमा की ग्राम पंचायत कोठी, उमरदा, छतई एवं पकरिहा में कृषि रथ 2026 का भ्रमण कराया गया।
इस दौरान रथ प्रभारियों एवं विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद किया तथा उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों एवं वर्तमान कृषि कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में उपस्थित कृषि विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने किसानों को ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई के महत्व के बारे में बताते हुए इसे भूमि संरक्षण और बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक बताया। साथ ही, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने हेतु जैविक खाद के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए शासन की डिजिटल पहल ‘ई-विकास प्रणाली टोकन’ व्यवस्था की जानकारी किसानों को दी गई, जिसके माध्यम से रासायनिक खाद की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। कृषि के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पैडी ट्रांसप्लांटर’ (धान रोपाई मशीन) के माध्यम से धान की बुआई हेतु इच्छुक किसानों के चयन को लेकर भी चर्चा की गई।
विभागीय अमले द्वारा किसानों को मिट्टी का नमूना लेने एवं उसकी जांच कराने की विधि समझाई गई तथा सॉइल हेल्थ कार्ड के लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान “कृषि रथ गांव-गांव आया है, खुशियां लाया है, कृषि की तकनीक अपनाना है, कृषि से आय बढ़ाना है” संदेश के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में रथ प्रभारी श्री संतोष पाटीदार, श्री रवीन्द्र विरला, श्री डी.के. बुनकर सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।





































