किसानों को दी जा रही है आधुनिक खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी
अनूपपुर 19 मई 2026/ किसान कल्याण वर्ष 2026 अंतर्गत जिले के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड अनूपपुर के ग्राम पंचायत लामाटोला, परासी, रेउला तथा विकासखण्ड जैतहरी के ग्राम पंचायत कुकुरगोडा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ‘कृषि रथ’ तथा ‘किसान चौपाल’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य ध्येय ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रचार-प्रसार करना और किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफे की खेती के लिए प्रेरित करना है।
‘कृषि रथ’ के माध्यम से शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान (Subsidy) का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रचार सामग्री और व्यावहारिक संवाद के माध्यम से किसानों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है, ताकि वे समय रहते इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें।
‘किसान चौपाल’ में कृषि विशेषज्ञों द्वारा कृषकों को आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां दी जा रही है। अधिकारियों द्वारा मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) के अनुसार संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही, रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग को कम करने के लिए किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने, बीज उपचार (Seed Treatment) करने तथा कतारबद्ध बोनी पद्धतियों को व्यावहारिक रूप से समझने की सलाह दी जा रही है।






































