कोयले से आगे बढ़ेगा सीएमपीडीआई, क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ एलिमेंट्स पर बढ़ेगा फोकस

---Advertisement---

कोयले से आगे बढ़ेगा सीएमपीडीआई, क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ एलिमेंट्स पर बढ़ेगा फोकस

कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर भविष्य की रणनीति का खाका, वैश्विक खनन परामर्शदाता बनने का लक्ष्य

रांची, 12 नवंबर। कोल इंडिया की तकनीकी एवं परामर्श शाखा सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई) में कोल इंडिया का 52वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। संस्थान के रवीन्द्र भवन में आयोजित समारोह में सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों, क्षेत्रीय संस्थानों के निदेशकों, महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, श्रमिक संगठनों और सीएमओएआई के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत का गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएमपीडीआई की उपलब्धियों, तकनीकी क्षमता, नवाचार, विविधीकरण और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

कोयले से आगे बढ़ने की रणनीति पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह ने संस्थान के विकास में मानव संसाधन के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक खनन परिदृश्य को देखते हुए सीएमपीडीआई को अपनी विशेषज्ञता का विस्तार कोयले से आगे बढ़कर क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, मेटल माइनिंग, कार्बन प्रबंधन और उन्नत खनन तकनीकों जैसे क्षेत्रों में करना होगा।

उन्होंने सीएमपीडीआई को भविष्य में एक ‘रणनीतिक ज्ञान भागीदार’ के रूप में विकसित करने तथा विश्व स्तरीय वैश्विक खनन परामर्शदाता के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका विजन तकनीकी सलाहकार की भूमिका से आगे बढ़कर रणनीतिक ज्ञान भागीदार बनने, राष्ट्रीय खनन तकनीक लीडर से वैश्विक खनन परामर्शदाता बनने तथा केवल कोयले पर केंद्रित संगठन से विविध ज्ञान आधारित खनन एवं खनिज उद्यम के रूप में विकसित होने का है।

तकनीकी उत्कृष्टता और सतत खनन पर रहेगा जोर

निदेशक तकनीकी/पीएंडडी अजय कुमार ने कहा कि कोल इंडिया की तकनीकी एवं परामर्श शाखा के रूप में सीएमपीडीआई तकनीकी उत्कृष्टता, नवाचार और विविधीकरण के माध्यम से संगठन के विकास को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सुरक्षित और टिकाऊ खनन को प्राथमिकता देते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक प्रगति में संस्थान की भूमिका को रेखांकित किया।

निदेशक तकनीकी/ईएस राजीव कुमार सिन्हा ने तकनीकी प्रगति, नवाचार और परिचालन उत्कृष्टता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने नई तकनीकों तथा टिकाऊ खनन पद्धतियों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि सीएमपीडीआई को कोल इंडिया के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा में अपनी भूमिका निरंतर मजबूत करनी होगी।

क्रिटिकल मिनरल्स में विस्तार की आवश्यकता

निदेशक तकनीकी/आरडीएंडटी, बीडी आनंद मोहन ने क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में विस्तार कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा तथा शोध परिणामों के व्यावसायीकरण पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि नए व्यावसायिक क्षेत्रों में विस्तार के दौरान सीएमपीडीआई की मौजूदा मुख्य क्षमताओं को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

सीएमपीडीआई एवं सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने संगठनात्मक विकास के लिए तकनीक अपनाने और ज्ञानवर्धन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सीएमपीडीआई से कोयले और कोल इंडिया के पारंपरिक दायरे से आगे बढ़कर क्रिटिकल मिनरल्स पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए संस्थानों और कर्मचारियों का सम्मान

स्थापना दिवस समारोह में सीएमपीडीआई के विभिन्न क्षेत्रीय संस्थानों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। भुवनेश्वर स्थित आरआई-7 को ‘सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय संस्थान’ चुना गया। आरआई-5 के कुसमुंडा कैंप को ‘सर्वश्रेष्ठ हाइड्रोस्टैटिक ड्रिलिंग कैंप’, जबकि आरआई-4 के मुरपार कैंप को ‘सर्वश्रेष्ठ मैकेनिकल ड्रिलिंग कैंप’ का पुरस्कार मिला।

‘सर्वश्रेष्ठ ड्रिलिंग क्रू’ का पुरस्कार कुसमुंडा कैंप की हाइड्रोस्टैटिक रिग सीटी-14-03 टीम तथा मुरपार कैंप की मैकेनिकल रिग आरडी-05 टीम को प्रदान किया गया।

भूवैज्ञानिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरआई-6 के उप प्रबंधक भूविज्ञान अनिल कुमार, आरआई-4 के प्रबंधक भूविज्ञान राहुल कर और वरिष्ठ प्रबंधक भूविज्ञान अनिर्बान मंडल को सम्मानित किया गया। वहीं आरआई-5 के सहायक प्रबंधक सिविल मो. अहमद को ‘इनोवेशन अवार्ड’ प्रदान किया गया।

पर्यावरण, जियोमैटिक्स और सोशल मीडिया में भी उपलब्धियां

कॉर्पोरेट पुरस्कारों के अंतर्गत आरआई-7 को पर्यावरण प्रयोगशाला सेवाओं और जियोमैटिक्स सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सीएमपीडीआई मुख्यालय स्थित कोल कैरेक्टराइजेशन लेबोरेटरी को अन्य प्रयोगशाला सेवाओं की श्रेणी में मान्यता मिली।

आरआई-2 को ‘सोशल मीडिया अवार्ड’, जबकि आरआई-4 को उसके उल्लेखनीय सीएसआर कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

युवा कार्यपालकों को भी मिला सम्मान

व्यक्तिगत उत्कृष्टता और विशेष उपलब्धि श्रेणी में आरआई-2 के मुख्य प्रबंधक भूविज्ञान राम प्रसाद अधिकारी को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्यालय के सिविल, भूविज्ञान और पर्यावरण विभागों तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को सामूहिक पुरस्कार दिए गए।

‘युवा कार्यपालक पुरस्कार’ आरआई-1 के प्रबंधक खनन नीलय गिरी, आरआई-3 के उप प्रबंधक पर्यावरण विवेक कुमार तथा आरआई-6 के उप प्रबंधक पर्यावरण शुभम राज जिंदल को मिला।

आठ वरिष्ठ अधिकारियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

समारोह में आठ वरिष्ठ अधिकारियों के दीर्घकालिक एवं उल्लेखनीय योगदान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इनमें शंभू शरण, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, शिशिर दत्ता, एच.आर. सोनापुरम, आनंद शेखर, सोमेश कुमार, एस. जयकुमार और एस.के. दास शामिल रहे।

समारोह के माध्यम से सीएमपीडीआई की तकनीकी क्षमता, संस्थागत मजबूती और मानव संसाधन की दक्षता को रेखांकित किया गया। साथ ही बदलते खनन एवं खनिज क्षेत्र में नवाचार, विविधीकरण, सुरक्षित खनन और सतत विकास को लेकर संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई गई। स्थापना दिवस समारोह ने यह संकेत भी दिया कि भविष्य में सीएमपीडीआई की रणनीति पारंपरिक कोयला क्षेत्र से आगे बढ़कर क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत खनन तकनीक और वैश्विक खनन परामर्श के व्यापक क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत करने की होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment