- 22760 सीरीज के कई राशन कार्डों में खाद्यान्न वितरण बंद होने का आरोप, कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने खाद्य विभाग से की त्वरित कार्यवाही की मांग
मनेन्द्रगढ़। सरकारी उचित मूल्य की दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की अव्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पहले करीब छह माह से सरकारी राशन दुकानों में चना मिलना बंद हुआ और अब कई राशन कार्डधारियों को चावल सहित अन्य खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राशन लेने पहुंच रहे उपभोक्ताओं को कभी कार्ड में राशन बंद होने तो कभी परिवार के सदस्यों के नाम पर खाद्यान्न दर्ज नहीं होने की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर पूर्व जनपद सदस्य एवं कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने खाद्य विभाग की राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त करने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रफीक मेमन के अनुसार जिले में विशेष रूप से 22760 सीरीज के कई राशन कार्डों में खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा ऐसे भी कई परिवार हैं जिनके राशन कार्ड में सदस्यों के नाम दर्ज हैं लेकिन संबंधित सदस्यों के हिस्से का राशन नहीं मिल रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों को अपने ही अधिकार का खाद्यान्न प्राप्त करने के लिये उचित मूल्य की दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्देश्य गरीब परिवारों को नियमित और सुगमता से खाद्यान्न उपलब्ध कराना है लेकिन मौजूदा स्थिति में उपभोक्ताओं को तकनीकी त्रुटियों और वितरण संबंधी समस्याओं के कारण परेशान होना पड़ रहा है। पहले चना वितरण बंद होने से उपभोक्ता निराश थे और अब चावल के वितरण में भी आ रही दिक्कतों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
- राशन कार्डों की जांच कर तत्काल बहाल किया जाये वितरण
रफीक मेमन ने जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग से मांग की है कि 22760 सीरीज के जिन राशन कार्डों में खाद्यान्न वितरण बंद है, उनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच कराई जाये और पात्र हितग्राहियों का राशन तत्काल बहाल किया जाये साथ ही जिन परिवारों के सदस्यों के नाम कार्ड में दर्ज होने के बावजूद उनके हिस्से का राशन नहीं मिल रहा है, उनकी तकनीकी एवं विभागीय त्रुटियों को दूर कर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिये सरकारी राशन केवल एक सुविधा नहीं बल्कि उनके भोजन और परिवार के भरण पोषण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिये। खाद्य विभाग को व्यवस्था दुरुस्त कर सभी पात्र राशन कार्डधारियों को नियमित रूप से पूरा खाद्यान्न उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिये।




























