शैलेंद्र जोशी, धार
धार। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय धार में गुरुवार को जनजातीय गौरव दिवस को लेकर जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और धार विधायक नीना वर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जल, जंगल, जमीन की रक्षा और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका संघर्ष हमें स्वाभिमान, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा, उसे करके दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार और अलीराजपुर के 126 गांवों के 1.26 लाख किसानों को लाभ मिलेगा और 47 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। 15 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल डही आएंगे।
विधायक नीना वर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास देश की अमूल्य धरोहर है। बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह में स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन, युवा संवाद और गौरव चौपाल जैसे आयोजन होंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती, वीरेन्द्र सिंह बघेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर




























