कोतमा में दो दिवसीय राष्ट्रीय साहित्य उत्सव
देशभर से आएंगे कथाकार और कवि, युवा रचनाकारों को मिलेगा मंच
कोतमा। मध्य प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में कोतमा साहित्य उत्सव का दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन 26 एवं 27 सितंबर को अग्रसेन धाम, कोतमा में किया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में अवनीश अग्रवाल, धीरेंद्र जैन, अमरेंद्र सिंह परिहार एवं डॉ कुमार ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि साहित्य उत्सव में हिंदी भाषा एवं साहित्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 26 सितंबर को प्रसिद्ध साहित्यकार उदय प्रकाश के गांव सीतापुर स्थित सोन नदी तट से होगी। इसके बाद शाम 4 बजे अग्रसेन धाम में मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले कथाकारों एवं कवियों का सम्मान भी किया जाएगा
आयोजन के दूसरे दिन कवियों के साथ प्रकृति दर्शन का कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही ओपन माइक के माध्यम से शहडोल एवं रीवा संभाग के विभिन्न जिलों से आने वाले युवा कवियों को अपनी रचनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसमें युवा रचनाकारों द्वारा रचनापाठ के साथ गीत एवं गजल की प्रस्तुतियां दी जाएंगी
आयोजकों ने बताया कि साहित्य उत्सव का प्रमुख उद्देश्य युवा वर्ग को साहित्य से जोड़ना और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही साहित्य के माध्यम से समाज और राजनीति की दिशा में सकारात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन में साहित्यप्रेमियों, युवा रचनाकारों एवं नगरवासियों से सहभागिता की अपील की गई है



































































