कलेक्टर ने किसानों को लाभकारी खेती हेतु प्रेरित करने के दिए निर्देश
अनूपपुर 7 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने बुधवार को जिले के भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम पंचायत भाद पहुंचकर किसान श्री प्रेमलाल केवट द्वारा किए जा रहे इंटीग्रेटेड फार्मिंग आधारित कृषि कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रॉबेरी, बरबटी, खरबूजा सहित विभिन्न फसलों की खेती एवं सिंचाई व्यवस्था का अवलोकन कर किसान से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
कलेक्टर श्री पंचोली को किसान प्रेमलाल केवट ने बताया कि वे इंटीग्रेटेड फार्मिंग पद्धति के तहत उद्यानिकी विभाग से प्राप्त ड्रिप मशीन के माध्यम से ड्रिप सिंचाई अपनाकर स्ट्रॉबेरी, बरबटी एवं अन्य फसलों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान सीजन में स्ट्रॉबेरी उत्पादन से लगभग 70 से 80 हजार रुपए तथा बरबटी से लगभग 20 हजार रुपए का लाभ प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर श्री पंचोली ने किसान की प्रगतिशील सोच एवं नवाचार आधारित खेती की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के अधिक से अधिक किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को स्ट्रॉबेरी उत्पादन के विशेष क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए तथा किसानों को खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जांए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री सुरेंद्र सिंह श्याम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



































