अनूपपुर। जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोती उर्र रहमान के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को ग्राम बहैहाटोला स्थित केवई नदी मुक्तिधाम घाट पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर क्रमांक MP18AA6880 अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन करते पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
मामले में आरोपी चालक भोलाचरण कोङाकू, निवासी वार्ड क्रमांक 07 कपिलधारा कॉलोनी थाना बिजुरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 138/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें प्रभाकर पटेल, विश्वजीत मिश्रा और प्रभाकर त्रिपाठी का सहयोग रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।















































