मनेन्द्रगढ़। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर इस बार मनेन्द्रगढ़ शहर ने सेवा, समर्पण और मानवता की एक नई मिसाल कायम की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर के नेतृत्व में 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने शहर के अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए जनसहभागिता का नया इतिहास रच दिया। शिविर में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। करीब 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर यह साबित किया कि जब बात मानव जीवन बचाने की हो तो समाज एकजुट होकर आगे आता है। प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण पत्र देकर उनके इस योगदान का सम्मान किया गया जिससे आयोजन और भी प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि रक्तदान ना केवल जीवन बचाने का माध्यम है बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने इसे एक अनुकरणीय पहल बताते हुए हर स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रक्तदान करने की अपील की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर यह संदेश दिया कि नेतृत्व केवल शब्दों से नहीं बल्कि कर्मों से सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को जन आंदोलन बनाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है ताकि कोई भी जरूरतमंद रक्त के अभाव में परेशान ना हो। युवाओं की भागीदारी ने इस शिविर को और खास बना दिया।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी सहित कई युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज सेवा के इस अभियान को मजबूती दी। चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। हर चेहरे पर संतोष और सेवा का भाव साफ झलक रहा था।
अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक शिविर नहीं बल्कि मानवता के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है जो आने वाले समय में और भी बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

















