जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 सामतपुर तालाब के पुनरुद्धार एवं गाद निकासी का कार्य जारी

---Advertisement---

 

 

अनूपपुर 19 अप्रैल 2026 / कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन हेतु प्रदेश व्यापी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ जिले भर में संचालित है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद अनूपपुर द्वारा वार्ड क्रमांक 1 स्थित सामतपुर तालाब में वृहद सफाई एवं गाद निकासी का कार्य किया जा रहा है।

 

इस अभियान के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अंजूलिका शैलेंद्र सिंह एवं उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली पिंटू तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा श्रमदान किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के प्रमुख जल स्रोतों के कायाकल्प के लक्ष्य के साथ नगर पालिका के स्वच्छता मित्र भी इस कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

 

तालाब की जल संग्रहण क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से मशीनों और सामूहिक श्रमदान के माध्यम से जमा हुई गाद (सिल्ट) को बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही तालाब के घाटों की सघन साफ-सफाई कर जल स्रोत को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास निरंतर जारी है।

 

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन की मंशा के अनुरूप जल संरचनाओं के संवर्धन के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों के सहयोग से तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, जिससे जल स्तर में सुधार होगा और आगामी वर्षा ऋतु में बेहतर जल संचयन हो सकेगा।

 

इस सामूहिक प्रयास से समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का कार्य किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment