जैतहरी से अनूपपुर के पगना क्षेत्र तक पहुंचा हाथियों का दल, वन विभाग ने जारी की सतर्कता चेतावनी

---Advertisement---

 

अनूपपुर। जिले में पिछले कई दिनों से विचरण कर रहा तीन हाथियों का समूह गुरुवार को जैतहरी वन परिक्षेत्र से होते हुए अनूपपुर क्षेत्र के पगना गांव तक पहुंच गया। हाथियों की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

 

जानकारी के अनुसार 11 मार्च को तीन हाथियों का दल जैतहरी वन परिक्षेत्र के धनगवां बीट के जंगल में दिनभर रहने के बाद शाम और रात के समय जंगल से निकलकर कुसुमहाई, टकहुली और लहरपुर गांवों से होकर गुजरा। शुक्रवार सुबह हाथियों का समूह मुख्य मार्ग पार करते हुए जैतहरी बस स्टैंड, बंजारी टोला से रेलवे लाइन और तिपान नदी पार कर गोवरी बीट के जंगल पहुंचा, जहां दिनभर विश्राम किया।

 

शाम लगभग 6:30 बजे हाथियों का दल अनूपपुर वन परिक्षेत्र के पगना बीट के दुधमनिया स्थित शक्तिकुंडी जंगल से बड़वार नाला पार कर ग्राम पगना पहुंचा और वर्तमान में पगना के बरटोला क्षेत्र में विचरण कर रहा है। पगना गांव में जवाहर सिंह के खेत के आसपास भी हाथियों की मौजूदगी देखी गई।

 

वन विभाग का गश्ती दल हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, क्योंकि दल में मौजूद एक छोटा दो दांत वाला हाथी भीड़ देखकर आक्रामक हो सकता है। किसी भी स्थान पर हाथियों की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित करने की अपील की गई है।

 

सूचना संकलन : शशिधर अग्रवाल, वन्यजीव संरक्षक, अनूपपुर।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 11, 2026

October 11, 2026

October 11, 2026

October 11, 2026

Leave a Comment