- किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए किया जागरूक, 19 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
अनूपपुर, 16 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम की अनिवार्यता एवं पराली के समुचित प्रबंधन को लेकर कृषि विभाग, आत्मा परियोजना एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम मौहरी, बैरीबांध एवं पिपरिया में किसानों के खेतों का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान खेतों में चल रहे हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम का निरीक्षण किया गया तथा हार्वेस्टर संचालकों को इसके महत्व एवं उपयोग के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों का उपयोग करने तथा पराली नहीं जलाने की अपील की गई।
कृषि अधिकारियों ने बताया कि पराली का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण एवं कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है।
संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी, मध्यप्रदेश द्वारा किसानों को ई-कृषि यंत्र अनुदान डीबीटी पोर्टल के माध्यम से स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक किसान 19 नवंबर 2026 तक पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक किसान धरोहर राशि/डीडी सहायक कृषि यंत्री, अनूपपुर के नाम से बनवाकर पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल लिंक: https://farmer.mpda ge.mp.gov.in











































