घंटी बजाकर थाने पहुंचे सैकड़ों युवा, बोले—अपराध रोकने के लिए पुलिस को जगना होगा
भालूमाड़ा में युवक कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बदरा में रेत चोरी, पशु तस्करी, नशा, अवैध शराब और जुआ-सट्टे पर कार्रवाई की मांग


जमुनाकोतमा, 26 सितंबर भालूमाड़ा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक एवं कथित अवैध गतिविधियों के विरोध में युवक कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता थाना भालूमाड़ा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में घंटियां बजाकर पुलिस प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित किया। इस दौरान “घंटी बजाओ, थाना प्रभारी हटाओ”, “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” और “युवक कांग्रेस जिंदाबाद” के नारे लगाए गए
प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस ने विभिन्न मांगों को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा ज्ञापन एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य ने थाना भालूमाड़ा पहुंचकर प्राप्त किया
बदरा में रेत चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
युवक कांग्रेस ने ज्ञापन में बदरा क्षेत्र में कथित रेत चोरी और अवैध रेत परिवहन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया संगठन का कहना है कि क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने तथा अवैध परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई
पशु तस्करी और मेडिकल नशे पर भी कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में पशु तस्करी, मेडिकल नशे एवं अन्य मादक पदार्थों की कथित बिक्री और वितरण पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। युवक कांग्रेस ने कहा कि नशे से युवाओं और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी पुलिस की प्रभावी निगरानी की मांग की गई।
पुलिस गश्त बढ़ाने और शिकायतों पर कार्रवाई की मांग
युवक कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की जांच करने तथा नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने की मांग भी उठाई गई, ताकि लोग बिना भय के पुलिस को सूचना दे सकें।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को नियमित रूप से निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।
घंटी बजाकर दिया पुलिस को जगाने का संदेश
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में घंटियां बजाईं युवक कांग्रेस ने इसे प्रतीकात्मक रूप से पुलिस प्रशासन को क्षेत्र की समस्याओं की ओर ध्यान दिलाने का प्रयास बताया कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता सुरक्षित वातावरण चाहती है और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को शिकायतों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए
मानवेंद्र मिश्रा बोले—शिकायतों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई हो
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि भालूमाड़ा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन, पशु तस्करी, नशे, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और चोरी जैसी गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन से इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग करना है। यदि शिकायतें सही हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए और यदि गलत हैं तो जांच के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होना चाहिए
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के साथ जिला कांग्रेस महासचिव चंदन सिंह, पसान मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष संजय सिंह, पंकज पांडे, अमित सिंह, अरविंद मिश्रा, रोहन सिंह, रेशी, ऋषभ, हेमंत, चंद्रबहादुर, सलीम, अनीत, दुर्गेश, मनु तिवारी, लवकुश, ओम मिश्रा, आरिफ, प्रिंस, देवेंद्र, प्रीतम सिंह, विजेंद्र सिंह, मौसिन खान एवं कुलदीप सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे
युवक कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है



































































