घंटा बजाकर पुलिस को जगाने के दो दिन बाद पशु तस्करी पर कार्रवाई, 8.60 लाख का मशरूका जब्त

---Advertisement---

घंटा बजाकर पुलिस को जगाने के दो दिन बाद पशु तस्करी पर कार्रवाई, 8.60 लाख का मशरूका जब्त

कोतमा/भालूमाड़ा। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में युवक कांग्रेस द्वारा पशु तस्करी, रेत चोरी, रात में शराब परिवहन और दवाओं के नशे के रूप में इस्तेमाल को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपे जाने के दो दिन बाद फुनगा पुलिस चौकी ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई में बोलेरो पिकअप से तीन मवेशी बरामद कर कुल 8.60 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को कम जगह में ठूंस-ठूंसकर कोतमा से छिल्पा की ओर ले जाया जा रहा है। कोतमा और भालूमाड़ा पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा किए जाने पर चालक छिल्पा मेन रोड के पास पिकअप को सड़क से उतारकर जंगल की झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान वाहन में दो पड़े और एक भैंस मिले। मवेशियों के पैर और सींग रस्सियों से बांधकर वाहन में बने हुक से बांधे गए थे। पुलिस ने तीनों मवेशियों की अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपए तथा पिकअप की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई है। वाहन और मवेशियों को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

घंटा बजाकर उठाए थे सवाल

गौरतलब है कि दो दिन पहले युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने साथियों के साथ भालूमाड़ा थाना पहुंचकर घंटा बजाते हुए पुलिस व्यवस्था को लेकर विरोध जताया था। इस दौरान क्षेत्र में रेत चोरी, पशु तस्करी, जमुना से छत्तीसगढ़ की ओर रात में शराब भेजे जाने और दवाओं के नशे के रूप में इस्तेमाल सहित कई मुद्दे उठाए गए थे। इन मामलों को लेकर एसडीओपी कोतमा को ज्ञापन भी सौंपा गया था।

ज्ञापन के बाद हुई पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई ने क्षेत्र में चर्चा को तेज कर दिया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों द्वारा उठाए गए रेत चोरी, शराब परिवहन और दवाओं के दुरुपयोग जैसे अन्य आरोपों पर अभी लोगों की नजर बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर सवाल यह भी उठ रहा है कि शिकायतों और ज्ञापन के बाद पुलिस की कार्रवाई केवल एक मामले तक सीमित रहेगी या अन्य मुद्दों पर भी ठोस कार्रवाई होगी।

फुनगा पुलिस की कार्रवाई में पुलिस टीम के साथ साइबर सेल और वाहन चालक की भी भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment