एसईसीएल में ‘मेक इन इंडिया’ और सूक्ष्म-लघु उद्योगों पर विशेष सत्र
सीवीओ हिमांशु जैन ने पब्लिक प्रोक्योरमेंट में पारदर्शिता, निष्पक्षता और नीतिगत प्रावधानों की दी विस्तृत जानकारी

बिलासपुर, 10 सितंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत पब्लिक प्रोक्योरमेंट से संबंधित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माइनिंग डिपार्टमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई), बिलासपुर में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं संबंधित प्रतिभागियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया, नीतिगत प्रावधानों तथा पारदर्शी और निष्पक्ष खरीद व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) हिमांशु जैन ने संबोधित किया। उन्होंने विशेष रूप से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (एमएसई) के लिए पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी तथा मेक इन इंडिया (एमआईआई) से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में इन नीतियों का प्रभावी एवं नियमसम्मत अनुपालन किस प्रकार सुनिश्चित किया जा सकता है।
सीवीओ ने कहा कि सरकारी खरीद व्यवस्था में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की भागीदारी बढ़ाना और देश में निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करना इन नीतियों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने प्रतिभागियों को खरीद प्रक्रिया में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के पालन की आवश्यकता समझाई।
प्रशिक्षण के दौरान श्री जैन ने वास्तविक मामलों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पब्लिक प्रोक्योरमेंट में सामने आने वाली सामान्य प्रक्रियागत चूकों और संभावित जोखिमों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आवश्यक जांच-पड़ताल और सावधानी बरतने की सलाह दी, ताकि किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत कमी को समय रहते दूर किया जा सके।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि खरीद प्रक्रिया में निर्धारित नीतियों और नियमों की स्पष्ट समझ न केवल संस्थागत पारदर्शिता को मजबूत करती है, बल्कि अनावश्यक विवादों एवं प्रक्रियागत जोखिमों को कम करने में भी सहायक होती है।
कार्यक्रम के अंत में सवाल-जवाब सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने पब्लिक प्रोक्योरमेंट से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और एमएसई तथा मेक इन इंडिया से संबंधित प्रावधानों के अनुपालन को लेकर विभिन्न प्रश्न रखे। सीवीओ ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए संबंधित प्रावधानों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
एसईसीएल में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रिवेंटिव विजिलेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया में नियमों के प्रभावी अनुपालन, पारदर्शिता और निष्पक्षता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी का उद्देश्य ऐसी प्रोक्योरमेंट व्यवस्था विकसित करना है, जो अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, प्रभावी और नियमसम्मत हो।







































































