दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गुरु नानक जयंती

---Advertisement---
  • गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से गूंजा दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, विद्यार्थियों ने दिया सेवा और समानता का संदेश
  • विशेष प्रातः सभा में विद्यार्थियों ने कविता, भाषण और प्रेरक साखियों के माध्यम से किया गुरु नानक देव जी के विचारों का स्मरण
  • प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने कहा- मानवीय मूल्यों से ही शिक्षा होती है सार्थक

मनेन्द्रगढ़। गुरु नानक देव जी के विचारों में निहित मानवता, समानता, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रातः सभा में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सिख धर्म के प्रथम गुरु के जीवन दर्शन और उनकी महान शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद शौर्य गुप्ता ने प्रतिज्ञा का वाचन किया जबकि कक्षा पांचवीं की छात्रा अनायशा ने दिन का सुविचार प्रस्तुत कर सभा को सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम में कक्षा दसवीं की छात्रा मनीत ने गुरु नानक देव जी की पांच प्रमुख शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सत्य का मार्ग अपनाना, सभी मनुष्यों को समान समझना, मेहनत से जीवनयापन करना, जरूरतमंदों की सहायता करना और ईश्वर का स्मरण करना उनके जीवन दर्शन के प्रमुख आधार हैं वहीं कक्षा दसवीं की छात्रा बानी ने अपने संबोधन में गुरु नानक जयंती के धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्त्व को रेखांकित किया।

नन्हे विद्यार्थियों ने भी आयोजन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कक्षा दूसरी और चौथी की छात्राओं गुरसाँझ, जपजोत एवं कविन ने गुरु नानक देव जी को समर्पित कविता पाठ किया वहीं कक्षा नौवीं के छात्र जपनूर ने लंगर परंपरा की शुरुआत और उसके सामाजिक महत्त्व को समझाते हुए बताया कि यह परंपरा समाज में ऊंच नीच और भेदभाव को समाप्त कर समानता, भाईचारे तथा सामूहिक सेवा की भावना को मजबूत करती है।

इसी क्रम में कक्षा तीसरी और चौथी की छात्राओं गनीव और जसनीत ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक साखियों का सुंदर प्रस्तुतिकरण किया। इन प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उनके विचारों और आदर्शों को सरल एवं प्रभावी तरीके से अभिव्यक्त किया।

इस आयोजन ने विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का वातावरण निर्मित किया। विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं बल्कि संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, एकता, समानता और सेवा का मार्ग दिखाती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं बल्कि ऐसे संस्कार विकसित करना भी है जो व्यक्ति को संवेदनशील, विनम्र, सेवाभावी और मानवता के प्रति समर्पित बनाएं। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने वाली प्रेरणा हैं। उनके बताये मार्ग पर चलकर ही प्रेम, सद्भाव और समानता से परिपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन गुरु नानक देव जी के मूल मंत्र ‘एक ओंकार, सतनाम, करता पुरख’ की भावना को आत्मसात करने तथा उनके बताये मानवता, सेवा और भाईचारे के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment