- ग्राम पंचायत द्वारा लगाई गई सौर लाइट क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने प्रशासन से की जांच और कार्रवाई की मांग
अनूपपुर। जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दैखल के छिनमना टोला में सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाई गई सौर ऊर्जा लाइट को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़कर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा मोहल्ले में लोगों की आवाजाही और रात्रि के समय रोशनी की सुविधा के लिए सौर लाइट लगवाई गई थी। आरोप है कि रविवार शाम अज्ञात लोगों ने सार्वजनिक सौर लाइट को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे अपने घर ले गए।
सार्वजनिक सुविधा प्रभावित, मोहल्ले में अंधेरा
सौर लाइट क्षतिग्रस्त होने से छिनमना टोला के लोगों को रात में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लाइट पूरे मोहल्ले के लोगों की सुविधा के लिए लगाई गई थी, लेकिन तोड़फोड़ के कारण अब पूरा मोहल्ला अंधेरे में है।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सौर लाइट को पुनः स्थापित कर मोहल्ले में रोशनी की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।












































